बंगाल की खाड़ी में नया शक्ति संतुलन
- Author
- Published on
Summary
बंगाल की खाड़ी में नया शक्ति-संतुलन उभर रहा है। अमेरिका-बांग्लादेश सैन्य एवं व्यापारिक समझौता हिंद-प्रशांत क्षेत्र की भू-राजनीति को नए सिरे से परिभाषित करेगा तथा भारत के लिए अवसरों के साथ-साथ चुनौतियाँ भी उत्पन्न करेगा।
दक्षिण एशिया की भू-राजनीति एक निर्णायक मोड़ पर पहुँच चुकी है, जहाँ पुराने शक्ति-संतुलन तेजी से नए वैश्विक ढाँचों में बदल रहे हैं। पिछले दिनों अमरीका और बांग्लादेश के बीच हुए सैन्य एवं व्यापारिक ढांचा समझौते के अंतर्गत अमरीका को बंगाल की खाड़ी में अपने नौसैनिक युद्धपोतों की तैनाती की अनुमति प्राप्त होगी। यह समझौता हिंद-प्रशांत क्षेत्र की राजनीति को नए सिरे से परिभाषित करेगा।
दक्षिण एशिया में यह वह समय है जब समुद्री मार्ग, बंदरगाह, ऊर्जा आपूर्ति और डिजिटल संरचनाएँ केवल वैश्विक प्रभाव के निर्णायक उपकरण नहीं रह गए हैं, बल्कि सभ्यताओं की दिशा तय करने वाले तत्व बन चुके हैं। बंगाल की खाड़ी भी शक्ति के प्रवाह का वह केंद्र बन गई है जहाँ विभिन्न वैश्विक हित एक-दूसरे से टकरा भी रहे हैं और जुड़ भी रहे हैं। इस परिवर्तनशील भू-राजनीति में भारत एक केंद्रीय धुरी के रूप में उपस्थित है, जिसकी समुद्री क्षमता, आर्थिक आकार और रणनीतिक स्थिति पूरे क्षेत्रीय संतुलन को गहराई से प्रभावित करती है।
लेकिन इस परिदृश्य में बांग्लादेश एक ऐसे नोड के रूप में उभर रहा है जहाँ व्यापारिक उदारीकरण और सुरक्षा सहयोग एक साथ गति पकड़ रहे हैं। अमरीकी व्यापारिक रियायतें, डिजिटल बाजार तक पहुँच और ऊर्जा आपूर्ति की नई व्यवस्थाएँ ढाका को वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में और गहराई से जोड़ेंगी। साथ ही सैन्य और खुफिया सहयोग के समझौते इस साझेदारी को केवल आर्थिक दायरे तक सीमित नहीं रखेंगे, बल्कि इसे एक रणनीतिक आयाम प्रदान करेंगे। चटगाँव और मटारबाड़ी जैसे बंदरगाहों की भूमिका इस ढांचे में और महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि ये केवल व्यापारिक केंद्र नहीं, बल्कि संभावित सामरिक प्रवेश बिंदु भी बनते हैं। भारत के लिए यह इसलिए भी अहम है क्योंकि बंगाल की खाड़ी में उसकी ऐतिहासिक नौसैनिक उपस्थिति और सुरक्षा हित पहले से ही मजबूत रहे हैं और किसी भी नए बाहरी नौसैनिक विस्तार से क्षेत्रीय शक्ति-संतुलन पर प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ सकता है।
भारत इस पूरे परिदृश्य में एक सक्रिय रणनीतिक शक्ति के रूप में मौजूद है। उसकी ‘एक्ट ईस्ट नीति’, अंडमान-निकोबार क्षेत्र में विस्तार लेता सैन्य ढांचा और बंगाल की खाड़ी में निरंतर बढ़ती नौसैनिक उपस्थिति इस बात का संकेत हैं कि वह हिंद-प्रशांत क्षेत्र में किसी भी शक्ति परिवर्तन को केवल बाहरी घटना की तरह नहीं देखता। अमरीकी उपस्थिति का विस्तार और बांग्लादेश के साथ उसके बढ़ते रक्षा-संबंध भारत के लिए अवसर और चुनौती दोनों उत्पन्न करते हैं। एक ओर यह चीन के प्रभाव को संतुलित करने में सहायक हो सकता है, वहीं दूसरी ओर यह क्षेत्रीय समुद्री प्रतिस्पर्धा को अधिक जटिल भी बना सकता है।
चीन की दृष्टि से यह पूरा घटनाक्रम बेहद महत्वपूर्ण है। चीन लंबे समय से ‘बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव’ के माध्यम से एशिया, अफ्रीका और यूरोप को जोड़ने की कोशिश कर रहा है। इसके अंतर्गत वह बंदरगाह, सड़क, रेलवे और ऊर्जा परियोजनाओं में निवेश कर रहा है। म्यांमार और बंगाल की खाड़ी चीन की रणनीति का अहम हिस्सा हैं, क्योंकि इनके जरिए वह मलक्का जलडमरूमध्य पर अपनी निर्भरता कम करना चाहता है। ऐसे में बांग्लादेश में अमरीकी उपस्थिति और भारत की सक्रिय समुद्री भूमिका दोनों ही चीन के लिए रणनीतिक दबाव पैदा करते हैं। यह टकराव प्रत्यक्ष सैन्य संघर्ष की ओर नहीं, बल्कि प्रभाव क्षेत्रों के पुनर्वितरण की ओर संकेत करता है, जहाँ हर देश अपने-अपने हितों के अनुसार समुद्री और स्थलीय गलियारों को सुरक्षित करने का प्रयास कर रहा है।
हालांकि यह प्रतिस्पर्धा फिलहाल प्रत्यक्ष सैन्य संघर्ष का रूप नहीं ले रही, लेकिन यह प्रभाव क्षेत्रों की लड़ाई जरूर बन चुकी है। हर देश अपने हितों के अनुसार समुद्री मार्ग, बंदरगाह और व्यापारिक नेटवर्क सुरक्षित करना चाहता है। यही कारण है कि दक्षिण एशिया की राजनीति पहले से अधिक जटिल होती जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे जटिल और रोचक पहलू यह है कि बांग्लादेश स्वयं एक संतुलनकारी नीति अपनाने की कोशिश कर रहा है। नई सरकार एक ओर पश्चिमी निवेश, तकनीकी सहयोग और बाजार पहुँच का लाभ उठाना चाहती है, तो दूसरी ओर चीन के साथ अपने पुराने आर्थिक और अवसंरचनात्मक संबंधों को पूरी तरह समाप्त भी नहीं करना चाहती। भारत के साथ उसका संबंध भी इस समीकरण में महत्वपूर्ण है, क्योंकि भौगोलिक निकटता, जल संसाधन साझा हित और सीमा सुरक्षा जैसे तत्व दोनों देशों को अनिवार्य रूप से जोड़ते हैं। यह संतुलन बांग्लादेश को रणनीतिक लचीलापन तो देता है, लेकिन उसके सामने चुनौतियाँ भी बढ़ाता है। किसी एक शक्ति के अधिक करीब जाने से दूसरी शक्ति नाराज हो सकती है। इसलिए ढाका को बेहद सावधानी से अपनी विदेश नीति तय करनी पड़ रही है।
यदि इस परिदृश्य को व्यापक दृष्टि से देखा जाए तो यह केवल द्विपक्षीय या त्रिपक्षीय प्रतिस्पर्धा नहीं है, बल्कि यह उस वैश्विक संक्रमण का हिस्सा है जिसमें आर्थिक शक्ति, तकनीकी नियंत्रण और राजनीतिक प्रभाव एक-दूसरे में घुलते जा रहे हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म, डेटा प्रवाह, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और ऊर्जा नेटवर्क पारंपरिक सीमाओं से परे जाकर राष्ट्रों की संप्रभुता को नए तरीके से परिभाषित कर रहे हैं। भारत जैसे बड़े लोकतंत्र, चीन जैसी महाशक्ति और बांग्लादेश जैसे उभरते छोटे देश इस परिवर्तनशील संरचना के अलग-अलग स्तरों पर सक्रिय हैं, जहाँ विकास और निर्भरता की रेखाएँ लगातार एक-दूसरे में उलझती जा रही हैं।
दक्षिण एशिया का समग्र भू-राजनीतिक ढांचा एक नए रूप में ढलता दिखाई देता है। भारत, बांग्लादेश, म्यांमार और श्रीलंका सभी इस बदलते शक्ति-संतुलन से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हो रहे हैं। बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर रणनीतिक प्रतिस्पर्धा के ऐसे क्षेत्र बन रहे हैं जहाँ हर बंदरगाह, हर अवसंरचना परियोजना और हर निवेश निर्णय क्षेत्रीय और वैश्विक प्रभाव रखता है। भारत की समुद्री रणनीति, अमरीकी विस्तार नीति और चीनी अवसंरचना योजनाएँ मिलकर एक ऐसा बहु-स्तरीय शक्ति-मानचित्र बनाती हैं जो पहले कभी इतना जटिल नहीं रहा।
Disclaimer: Views expressed are of the author(s) and do not necessarily reflect the views of The Statecraft Institute.

